*हर घर तिरंगा अभियान-2026 का भव्य शुभारंभ, निकाली गई तिरंगा रैली*

0

 *हर घर तिरंगा अभियान-2026 का भव्य शुभारंभ, निकाली गई तिरंगा रैली*

हर घर तिरंगा अभियान-2026 का शुभारंभ आज अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल से भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वप्रथम चंद्रशेखर आजाद पार्क के गेट नंबर-1 से तिरंगा रैली निकाली गई। रैली को मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती हर्षिका सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

तिरंगा रैली के अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पर पहुंचने के उपरांत अतिथियों एवं उपस्थित लोगों द्वारा अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर संस्कृति विभाग के पंजीकृत कलाकार सुजाता केसरी एंड कंपनी द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक भावनाओं से ओत-प्रोत मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों द्वारा “हमारे देशवा सोनवा के चिरैया”, “मोरे झूलनी के छैया”, “बलम दुपहरिया बिताई द हो”, “मेरे झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे” आदि प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा हर घर तिरंगा थीम पर रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जनपद के प्रमुख विद्यालयों, जिनमें मेरी वाना मेकर, जीजीआईसी कटरा एवं बेसिक विद्यालय चौक के छात्राओं ने आकर्षक एवं भव्य रंगोलियां बनाकर देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रयागराज नगर निगम के माननीय महापौर श्री उमेश चंद्र गणेश केसरवानी जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए असंख्य नौजवानों एवं क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन महान क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की शहादत को याद करने तथा उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के लिए हमारे वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध निरंतर संघर्ष किया और अंततः देश को अंग्रेजी शासन से मुक्ति दिलाई। हमें उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

सिविल डिफेंस के चीफ वार्डेन श्री अनिल कुमार गुप्ता ‘अन्नू भैया’ ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रयागराज में 09 अगस्त से 17 अगस्त तक प्रतिदिन विभिन्न स्थलों पर देशभक्ति एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जनपदवासियों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने तथा अपना समय देकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा झंडा फहराने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर श्री उमेश चंद्र गणेश केसरवानी का स्वागत एवं सम्मान जिला विकास अधिकारी श्री जी.पी. कुशवाहा द्वारा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय अभिलेखागार, प्रयागराज द्वारा काकोरी ट्रेन एक्शन एवं हर घर तिरंगा थीम पर आधारित अभिलेख प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका मुख्य अतिथि सहित उपस्थित लोगों द्वारा अवलोकन किया गया।

कार्यक्रम में उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री नीरज मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार सिंह, जिला कमांडेंट होमगार्ड श्री रणजीत सिंह, जिला स्काउट मास्टर श्री फिरोज खान, उद्यान अधीक्षक श्री जगदीश प्रसाद, श्री शशिकांत मिश्रा, संस्कृति विभाग के श्री विकास, श्री रोशन लाल, श्री अजय कुमार, श्री मोहम्मद सफीक, श्री सत्यम, श्री शुभम, श्री निर्भय सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संयोजन पाण्डुलिपि अधिकारी श्री गुलाम सरवर एवं क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी श्री राकेश कुमार वर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्कृति विभाग के श्री हरिश्चंद्र दुबे ने किया।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

@AVS

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top