263 शहर दक्षिणी में शारिक की सक्रियता चर्चा में, पाल बस्ती से ‘चौखट संवाद’ के जरिए जनता से सीधा संवाद
प्रयागराज। 263 शहर दक्षिणी विधानसभा के नैनी-जमुनापार क्षेत्र स्थित लोकपुर की पाल बस्ती में समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित ‘चौखट संवाद’ में स्थानीय लोगों ने शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए। कार्यक्रम में पाल समाज के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर क्षेत्र की समस्याओं और अपनी अपेक्षाओं को सामने रखा।
संवाद के दौरान लोगों ने स्कूल, रोजगार और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े सवाल उठाए। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि उनकी समस्याओं को केवल मंचों तक सीमित रखने के बजाय सीधे बस्तियों और घरों तक पहुंचकर सुना जाना जरूरी है।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव मो. शारिक ने लोगों से सीधा संवाद करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा हाल में घोषित योजनाओं और प्रस्तावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर बंद किए गए करीब 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोलने, महिलाओं को हर वर्ष ₹40 हजार की आर्थिक सहायता और हरसाल बढ़ोतरी, छात्राओं को लैपटॉप एवं शिक्षा से जुड़ी अन्य सुविधाएं फ्री शिक्षा देने की घोषणा की गई है।
मो. शारिक ने कहा कि शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाएं जनता के जीवन से जुड़े मूल प्रश्न हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इन मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच संवाद कर रही है।
उन्होंने कहा, “राजनीति का असली अर्थ जनता की चौखट तक पहुंचना, उसकी बात सुनना और उसके सवालों को मजबूती से उठाना है। ‘चौखट संवाद’ इसी सोच का प्रयास है।”
उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी ने आगामी चुनावी तैयारी में हर जिले की स्थानीय जरूरतों और समस्याओं के आधार पर अलग घोषणा-पत्र तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है, ताकि विकास की प्राथमिकताएं स्थानीय मुद्दों के अनुरूप तय की जा सकें।
‘चौखट संवाद’ के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं को विस्तार से रखा। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी बात सुनी तथा संबंधित मुद्दों को संगठन के स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में अजहरुद्दीन, अहमद रजा, अनिल पटेल, रमेश पाल, अजय पासी सहित समाजवादी पार्टी के अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मो. शारिक ने बस्ती के लोगों से घर-घर जाकर संवाद किया और क्षेत्र की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।
‘चौखट संवाद’ के जरिए सपा ने साफ संदेश दिया कि जनता से जुड़ाव केवल सभाओं तक नहीं, बल्कि घर-घर और बस्ती-बस्ती तक होना चाहिए।





