माघ मेला 2026 में उत्कृष्ट मोबिलिटी सेवाओं के लिए रैपिडो को “प्रिफर्ड मोबिलिटी पार्टनर” के रूप में किया गया सम्मानित
माघ मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक सुगमता से पहुंचाने तथा उनकी यात्रा को सहज, सुरक्षित और सुलभ बनाने में बाइक टैक्सी के माध्यम से उत्कृष्ट योगदान के लिए रैपिडो कंपनी को प्रयागराज मेला प्राधिकरण द्वारा कार्यालय स्थित आई-ट्रिपलसी सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष, मेला प्राधिकरण/मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल एवं मेला अधिकारी श्री ऋषि राज ने कंपनी के प्रतिनिधियों को “प्रिफर्ड मोबिलिटी पार्टनर” के रूप में सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त ने रैपिडो के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि माघ मेले जैसे विशाल आयोजन में श्रद्धालुओं को त्वरित एवं सुलभ परिवहन उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती होती है, जिसे रैपिडो ने प्रभावी ढंग से पूरा किया। उन्होंने इसे एक महत्वपूर्ण लर्निंग एक्सपीरियंस बताते हुए कहा कि इस मॉडल के आधार पर भविष्य के माघ एवं कुंभ मेलों में बाइक टैक्सी सेवाओं का और अधिक विस्तार किया जा सकता है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही और अधिक सुगम होगी।
मेला अधिकारी, माघ मेला, श्री ऋषि राज ने कहा, रैपिडो ने अपने मल्टी-कैटेगरी प्लेटफॉर्म के माध्यम से बड़े पैमाने पर यातायात को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा इस अनुभव को भविष्य के आयोजनों के लिए आधार बनाते हुए तकनीक-आधारित मोबिलिटी सेवाओं के विस्तार पर बल दिया जाएगा।
रैपिडो की ओर से उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि माघ मेले जैसे बड़े पैमाने के आयोजनों के लिए विश्वसनीय एवं उत्तरदायी मोबिलिटी समाधान अत्यंत आवश्यक होते हैं। यह सम्मान उनकी निरंतर सेवा, उच्च मांग वाले वातावरण में कुशल संचालन क्षमता तथा बड़े पैमाने पर परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की दक्षता का प्रतीक है।
माघ मेला 2026 के दौरान रैपिडो द्वारा बड़े पैमाने पर प्रभावी एवं सुव्यवस्थित परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनी। इस अवधि में रैपिडो ने लगभग 6.1 लाख से अधिक राइड्स प्रदान कीं, जिसके लिए बाइक टैक्सी, ऑटो, कैब एवं ई-रिक्शा श्रेणियों में 6,500 से अधिक कैप्टनों का नेटवर्क तैनात किया गया। इसके अतिरिक्त, समावेशी मोबिलिटी को बढ़ावा देते हुए लगभग 1.2 लाख महिला उपयोगकर्ताओं तथा 1,100 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रूप से सेवाएं प्रदान की गईं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, विशेषकर पीक आवर्स के दौरान मजबूत लास्ट-माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित हुई, जिससे यातायात प्रबंधन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।






