मंडलायुक्त द्वारा बारा पावर प्लांट में रूफटाॅप सोलर पी वी लैब एवं महिला सशक्तिकरण हेतु सिलाई लैब का किया गया शुभारंभ

0

बारा पावर प्लांट में रूफटॉप सोलर पी वी लैब एवं महिला सशक्तिकरण हेतु सिलाई लैब का मंडलायुक्त द्वारा शुभारंभ*

प्रयागराज की बारा तहसील स्थित प्रयागराज पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (पीपीजीसीएल) परिसर में आज रूफटॉप सोलर पी वी लैब का उद्घाटन मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने टाटा पावर के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया। यह पहल क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा के प्रसार, तकनीकी दक्षता के विकास तथा युवाओं को आधुनिक कौशल से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

टाटा पावर स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट के अंतर्गत विकसित इस ईवी सोलर लैब का उद्देश्य ऊर्जा एवं संबद्ध क्षेत्रों में बढ़ती तकनीकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान करना है। इस लैब के माध्यम से सोलर पैनल स्थापना, विद्युत प्रणाली तथा रिन्यूएबल ऊर्जा से जुड़े विषयों में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पहल स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के साथ-साथ हरित ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगी।

इसी क्रम में ‘अनोखा धागा’ पहल के अंतर्गत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सिलाई मशीन लैब का भी शुभारंभ किया गया। इस लैब में 35 से अधिक आधुनिक सिलाई मशीनें स्थापित की गई हैं, जिनके माध्यम से महिलाओं को सिलाई, परिधान एवं बैग निर्माण का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत महिलाएं स्वयं उत्पाद तैयार कर उन्हें बाजार में विक्रय कर सकेंगी, जिससे उनके आय के स्रोत सुदृढ़ होंगे और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी। 

कार्यक्रम के दौरान डीएवी सरदार पटेल पब्लिक स्कूल, बारा, प्रयागराज के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे आयोजन में उत्साह एवं सहभागिता का वातावरण बना। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को आकर्षित करते हुए कार्यक्रम को विशेष रूप से जीवंत बनाया। कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अधिकारियों एवं अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी से हरित वातावरण के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में टाटा पावर के सीएचआरओ एवं चीफ सस्टेनेबिलिटी एंड सीएसआर श्री हिमाल तिवारी तथा पीपीजीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अशोक पांडा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी ने इस पहल को क्षेत्रीय विकास, कौशल संवर्धन एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

पीपीजीसीएल एक 3×660 मेगावाट क्षमता वाला कोयला आधारित सुपर क्रिटिकल तापीय विद्युत संयंत्र है, जिसका स्वामित्व टाटा पावर की सहायक कंपनी रिनेसेंट पावर के पास है। यह संयंत्र क्षेत्र में ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों का संचालन भी कर रहा है।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

@AVS

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top