*माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह जी ने आदर्श कोल्ड स्टोरेज में हुई दुःखद घटना का किया निरीक्षण*
*माननीय मंत्री जी ने बेली हॉस्पिटल एवं स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज पहुँचकर दुर्घटना में घायल लोगो से बात करते हुए उनका हाल जाना, बेहतर इलाज हेतु चिकित्सकों को दिए आवश्यक निर्देश*
*मा0 मंत्री जी ने निर्धारित मानक के अनुरूप सभी शीतगृहों की जांच कर आख्या दिए जाने तथा मानक के अनुसार संचालन न पाए जाने पर शीतगृहों को बंद किए जाने की कार्यवाही करने के दिए निर्देश*
*प्रयागराज, 24 मार्च 2026।*
माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उत्तर प्रदेश श्री दिनेश प्रताप सिंह जी के द्वारा मंगलवार को ग्राम-चंदापुर (मोरहू) उपरहार, तहसील सोरांव स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज के आंशिक हिस्से के ढहने के कारण हुई दुःखद घटना का निरीक्षण किए जाने हेतु घटना स्थल पहुंचे और वहां पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली तथा सभी संबंधित को आवश्यक निर्देश दिये हैं।
मा0 मंत्री जी नेे पुलिस आयुक्त श्री जोगेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त श्री अजय पाल शर्मा सहित अन्य सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और बचाव कार्य की समीक्षा की। उन्होंने उद्यान विभाग के अधिकारियों को घटना से सबक लेते हुए सभी स्थापित संचालित शीतगृहों के मानक की जांच कर आख्या दिए जाने तथा जो भी शीतगृह मानक के अनुसार संचालित ना पाया जाए उसे बंद किए जाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मा0 मंत्री जी ने कहा कि घटना की जांच के लिए संयुक्त निदेशक उद्यान के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई, जो दुर्घटना के कारणों की रिपोर्ट एक सप्ताह में प्रस्तुत करेंगी। रिपोर्ट मिलने के बाद उसमें जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। प्रथम दृष्टया लापरवाही पाये जाने पर मा0 मंत्री जी ने जिला उद्यान अधिकारी को निलम्बित किए जाने की जानकारी भी दी। मा0 मंत्री जी ने कहा कि उक्त दुखद घटना पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी, उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा गंभीरता से संज्ञान लिया है। मा0 मंत्री जी ने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस के लोग राहत और बचाव कार्य में निष्ठा और परिश्रम के साथ कार्य कर रहे हैं। आदर्श कोल्ड स्टोरेज में भंडारित किसानों के आलू के मूल्य की भरपाई शीतगृह संचालक से शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए।








